Wednesday, 4 September 2013

कच्छा चोर गिरोह की दस्तक की चर्चाओं ने उड़ाई लोगों की नींद

पुलिस प्रशासन ने कहा कोरी अफवाह


जींद। जींद जिले में पिछले कई दिनों से कच्छा चोर गिरोह द्वारा दस्तक दिए जाने के चर्चे जोर-शोर से चल रहे हैं। कच्छा चोर गिरोह की दस्तक की चर्चों ने लोगों की रातों की नींद उड़ा दी है। सबसे ज्यादा हलचल ग्रामीण क्षेत्र में मची हुई है। कच्छा चोर गिरोह की दस्तक की चर्चाओं के कारण ग्रामीण क्षेत्र के लोग असमंजस की स्थिति में हैं। ग्रामीण क्षेत्र में तो हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों ने रात को बाहर सोना छोड़ दिया है और लोग अकेले-अकेले खेतों में जाने से भी कतराने लगे हैं। कई गांवों में तो ग्रामीणों ने रात को लोगों की सुरक्षा के लिए ठीकरी पहरे भी बैठाने शुरू कर दिए हैं। जिले में कच्छा चोर गिरोह की दस्तक के चर्चों के कारण ग्रामीणों द्वारा हर बाहरी व्यक्ति को शक की निगाह से देखा जा रहा है। कई गांवों में तो ग्रामीणों द्वारा संदिग्ध दिखने वाले लोगों की पिटाई करने के मामले भी सामने आए हैं लेकिन पुलिस प्रशासन कच्छा चोर गिरोह की दस्तक की चर्चाओं को केवल अफवाह करार दे रहा है।
पिछले कई दिनों से जिले में कच्छा चोर गिरोह की दस्तक की चर्चाओं का दौर चल रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में तो हर रोज कच्छा चोर गिरोह के सदस्यों के देखे जाने के नए-नए किस्से सुनने को मिल रहे हैं। इस तरह के चर्चों के कारण ग्रामीण क्षेत्र में दहस्त का माहौल बना हुआ है। कच्छा चोर गिरोह की दस्तक के चर्चों के कारण ग्रामीण क्षेत्र में तो ग्रामीणों ने ठीकरी पहरे लगा दिए हैं। रात के अंधेरे में ग्रामीण लटठों, डंडों, तेजधार हथियारों के साथ पहरा देने को मजबूर हैं। कच्छा चोर गिरोह के भय के कारण ग्रामीणों ने रात को बाहर सोना भी छोड दिया है। लोग रात को दरवाजे बंद कर मकानों के अंदर सोने को मजबूर हैं। इतना ही नहीं ग्रामीण खेतों में भी अकेले जाने से कतराने लगे हैं। कच्छा चोर गिरोह के डर के मारे लोग खेतों में काम पर जाते समय भी डंडों के साथ ग्रुप में निकलते हैं। कच्छा चोर गिरोह के भय के चलते ग्रामीणों द्वारा गांव में आने-जाने वाले हर व्यक्ति पर कड़ी नजर रखने के साथ-साथ गहनता से पूछताछ भी की जा रही है। कई गांवों में तो संदिज्ध दिखने वाले व्यक्तियों की ग्रामीणों द्वारा पिटाई करने के मामले भी प्रकाश में आए हैं।

पिल्लूखेड़ा और बिघाना में कच्छा चोर गिरोह के सदस्यों के चर्चे भी बने अफवाह

गत दिनों पिल्लूखेड़ा खंड के ढाठरथ गांव में कच्छा चोर गिरोह के एक सदस्य के पकड़े जाने तथा अलेवा खंड के बिघाना में भी कच्छा चोर गिरोह के 2 सदस्य पकड़े जाने के कारण यहां काफी बवाल रहा। ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए इन व्यक्तियों की पहले तो जमकर छितर परेड़ की गई और बाद में इन्हें पुलिस के हवाले कर दिया गया। इस तरह 2 अलग-अलग स्थानों पर कच्छा चोर गिरोह के सदस्य पकड़े जाने की यह किस्से जल्द ही पूरे जिले में फैल गए लेकिन अलगे ही दिन यह किस्से केवल कोरी अवफवाह बनकर रह गए। पिल्लूखेड़ा पुलिस के अनुसार ढाठरथ गांव से कच्छा चोर गिरोह के सदस्य के नाम से पकड़ा गए युवक की पहचान यू.पी. के साहरनपुर जिले के निवासी के रूप में हुई, जो मानसिक रोगी निकला और उसके परिजनों ने उसके मानसिक रोगी होने के सबूत भी पुलिस के सामने पेश किए। वहीं बिघाना गांव से कच्छा चोर गिरोह के सदस्यों के नाम से ग्रामीणों द्वारा पकड़े गए दोनों युवकों की पहचान भी पास के गांव के युवकों के रुप में हुई और बाद में अलेवा पुलिस ने पंचायत में हुए समझौत के आधार दोनों युवकों को छोड़ दिया।

संदिग्ध दिखने वाले व्यक्तियों पर रखें नजर

वरिष्ठ नागरिक श्यामलाल गुप्ता का कहना है कि लोगों को बाहरी व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखनी चाहिए। कुछ बाहर से आने वाले लोग रात को चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए दिन में गांव में रेकी करते हैं। दिन में गांव में रेकी करने के बाद रात को चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं। रात को चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाला यह कोई यू.पी. का बड़ा चोर गिरोह हो सकता है, जो दिन में गांव में किसी न किसी रुप में घूसकर गांव की रेकी करता है और रात को चोरी की घटनाओं को अंजाम देता है। चोरी की घटना को अंजाम देते समय यदि कोई व्यक्ति बीच में रोड़ा बनता नजर आता है तो यह चोर गिरोह के सदस्य उस व्यक्ति पर हमला करने से भी नहीं चुकते। इसलिए लोगों को इस तरह के लोगों पर नजर रखनी चाहिए।

झूठी अफवाह न फैलाएं लोग

पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा ने कहा कि जिले में किसी कच्छा चोर गिरोह ने कोई दस्तक नहीं दी है। यह केवल कोरी अफवाह हैं। अभी तक जिले में केवल 2 मामले इस तरह के सामने आए हैं और दोनों के दोनों खाली अवफवाह थे। दोनों मामलों में पकड़ा गया कोई भी व्यक्ति इस गिरोह का सदस्य नहीं था। इसलिए लोगों को इस तरह की अफवाह नहीं फैलानी चाहिएं और बाहर से आने वाले व्यक्तियों को भी बिना किसी वजह के परेशान नहीं करना चाहिए।
 काला कच्छा चोर गिरोह के सदस्य के रुप में पकड़े गए युवक को घेरे हुए भीड़ तथा पुलिस हिरासत में मौजूद पकड़े गए युवक का फाइल फोटो, जो बाद में मानसिक रोगी निकला।

लकीर का फकीर बना जींद का जिला प्रशासन

एक सप्ताह बाद भी नहीं शुरू हो पाया आवारा पशुओं को पकडऩे का अभियान
कृष्ण जन्माष्टमी पर प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी का शिकार हुई सड़कों से पकड़ी गई बेसहारा गायें 


जींद। शहर की सड़कों पर लोगों के लिए मुसिबत बनकर घूम रहे आवारा पशुओं को तथा बेसहारा गायों को पकड़कर गौशाला में छोडने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 23 अगस्त से शुरू किए जाने वाला अभियान अभी तक धरातल पर नहीं उतर पाया है। वहीं जिला प्रशासन की मदद के लिए सामाजिक संगठनों द्वारा 23 अगस्त से अपने स्तर पर शुरू किया गया आवारा पशुओं तथा बेसहारा गायों को पकडऩे का अभियान भी प्रशासन के सहयोग के बिना दम तोड़ रहा है। सामाजिक संगठनों द्वारा पिछले एक सप्ताह से अपने स्तर पर आवारा पशुओं और बेसहारा गायों के लिए चारे व पीने के पानी की व्यवस्था की जा रही है। यहां तक की कृष्ण जन्माष्टी पर भी जिला प्रशासन को बेसहारा गायों की याद नहीं आई। जिला प्रशासन द्वारा इस मुहिम से हाथ पीछे खींचने के कारण अब सामाजिक संगठनों में भी जिला प्रशासन के खिलाफ रोष पनपने लगा है। जिला प्रशासन की तरफ से हो रही इस अनदेखी के चलते अब सामाजिक संगठनों ने प्रशासनिक अधिकारियों की नींद तोडऩे के लिए पूरे जिले में इस अभियान को शुरू करने तथा पकड़े गए आवारा पशुओं को सरकारी कार्यालयों में रोकने की रणनीति तैयार की है।
 तालाब में रोकी गई सामाजिक संगठनों द्वारा सड़कों से पकड़ी गई बेसहारा गायें।

शहर की सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु तथा बेसहारा गायें शहर के लोगों तथा राहगीरों के लिए भय का प्रयाय बने हुए हैं। इसके चलते कई बार शहर में बड़े हादसे भी हो चुके हैं। लोगों को इस भय से मुक्त करवाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा 23 अगस्त से शहर में आवारा पशुओं तथा बेसहारा गायों को पकडऩे के लिए विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया था। इसकी जिम्मेदारी नगर परिषद को सौंपी गई थी लेकिन जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान चलाने के लिए रणनीति तैयार किए हुए आज एक सप्ताह बीत चुका है और अभी तक जिला प्रशासन की तरफ से इस तरफ कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। जिला प्रशासन के इस अभियान को सफल बनाने के लिए शहर के कई सामाजिक संगठन भी आगे आए थे और इन सामाजिक संगठनों ने इस अभियान को सफल बनाने के लिए 23 अगस्त से ही आवारा पशुओं तथा बेसहारा गायों को पकडऩे की मुहिम शुरू कर दी थी। पकड़े गए आवारा पशुओं तथा बेसहारा गायों को रोकने के लिए  कोई स्थान नहीं होने के कारण सामाजिक संगठनों ने सभी गायों तथा सांडों को शहर के ऐतिहासिक स्थल रानी तालाब में रोका था। गायों के लिए चारे तथा पानी की व्यवस्था भी सामाजिक संगठनों ने अपने स्तर पर ही की थी। सामाजिक संगठनों द्वारा इस अभियान को शुरू किए आज एक सप्ताह बीत चुका है लेकिन अभी तक जिला प्रशासन की तरफ से इन संगठनों को कोई सहयोग नहीं मिला है। जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण सामाजिक संगठनों के सामने अब गायों के लिए खाने के लिए चारे की व्यवस्था का संकट खड़ा हो गया है। जिला प्रशासन की अनदेखी के चलते अब सामाजिक संगठनों का यह अभियान भी दम तोडऩे लगा है। प्रशासनिक अधिकारियों की अनदेखी के चलते सामाजिक संगठनों में गहरा रोष पनपने लगा है।

कृष्ण जन्माष्टमी पर प्रशासन ने नहीं ली गायों की सुध

जिला प्रशासन द्वारा आवारा पशुओं तथा बेसहारा गायों को पकडऩे के लिए 23 अगस्त से शुरू किए जाने वाला यह अभियान एक सप्ताह बाद भी धरातल पर नहीं उतर पाया। एक तरफ जहां जिले में बुधवार को हर्षोल्लास के साथ कृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जा रहा था, वहीं दूसरी तरफ गोपाल की गायें जिला प्रशासन की अनदेखी का शिकार बनी हुई थी। जिला प्रशासन द्वारा गायों के चारे तथा पानी के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई थी। प्रशासनिक अधिकारियों की लापरवाही के चलते गौभक्तों में गहरा रोष था।

प्रशासन का नहीं मिल रहा सहयोग

अन्ना टीम के संयोजक हितेष हिंदुस्तानी ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा इस अभियान में पूरी तरह से सामाजिक संगठनों की अनदेखी की जा रही है। जिला प्रशासन की तरफ से कोई सहयोग नहीं मिल रहा है। गायों के लिए चारे की व्यवस्था भी उन्हें खुद ही करनी पड़ रही है। हिंदुस्तानी ने कहा कि जिलेभर की गौशालाओं के सदस्यों की बुधवार को बैठक हुई है और बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया है कि प्रसाशनिक अधिकारियों को नींद से जगाने के लिए नरवाना, उचाना, जुलाना, पिल्लूखेड़ा, सफीदों में बेसहारा गायों को पकडऩे के लिए अभियान चलाया जाएगा और अभियान के दौरान पकड़ी गई गायों को सरकारी कार्यालयों के प्रांगण में रोका जाएगा। हिंदुस्तानी ने आरोप लगाया कि 26 अगस्त को जिला प्रशासन के साथ सभी गौभक्तों की बैठक हुई थी लेकिन बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों की तरफ से उन्हें कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला है।

गौभक्तों के साथ दोबारा होगी बैठक

इस बारे में जानकारी लेने के लिए जब उपायुक्त राजीव रत्न से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी वह किसी दूसरे मामले में फंसे हुए हैं। इस अभियान को सही तरीके से शुरू करने के लिए वीरवार को दोबारा से सभी गौभक्तों की बैठक बुलाई गई है और इस बैठक में गौभक्तों से विचार-विमर्श करके अभियान की अगली रुपरेखा तैयार की जाएगी।

कीटनाशकों का प्रयोग कर हर रोज सैंकड़ों बेजुबान की हत्या कर रहा है किसान : ए.डी.सी.

दूरदर्शन की टीम ने कीटाचार्य किसानों के शोध पर बनाई डाक्यूमैंट्री फिल्म


जींद। कीट साक्षरता एवं कीट प्रबंधन विषय पर जिले के ललित खेड़ा गांव की महिला किसानों द्वारा गांव के खेतों में मंगलवार को एक खेत पाठशाला का आयोजन किया गया। खेत पाठशाला में बाहर से आए गणमान्य लोगों के साथ महिला कीटाचार्या किसानों ने अपने विचार सांझा किए तथा कीटों पर किए गए अपने शोध और अनुभव भी उनके समक्ष रखे। इस अवसर पर दूरदर्शन केंद्र हिसार के निदेशक जिले सिंह जाखड़ के नेतृत्व में पाठशाला में पहुंची दूरदर्शन की टीम ने खेत पाठशाला की एक डाक्यूमैंट्री फिल्म भी तैयार की। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्यातिथि अतिरिक्त उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने विधिवत् रूप से किया। इस अवसर पर पाठशाला में विशिष्टि अतिथि के तौर पर जिला कृषि उप-निदेशक डा. रामप्रताप सिहाग, जिला बागवानी अधिकारी डा. बलजीत भ्याण, कबड्डी फैडरेशन ऑफ इंडिया के उपप्रधान समरवीर कौशिक, एच.सी.एल. कंपनी के मैनेजर सुभाष कौशिक, डा. सुरेंद्र दलाल की धर्मपत्नी मैडम कुसुम दलाल, अक्षत दलाल, बराह तपा के प्रधान कुलदीप ढांडा भी मौजूद थे। कार्यक्रम का शुभारंभ महिलाओं ने 'हे बीटल म्हारी मदद करो हमनै तेरा एक सहारा है' तथा समापन 'हो पिया तेरा हाल देखकै मेरा कालजा धड़क, तेरे कांधे पै जहर की टंकी मेरै कसुती रड़क' गीत से किया।
अतिरिक्त उपायुक्त जयबीर सिंह आर्य ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि फसल उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों द्वारा अंधाधुध कीटनाशकों का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे मनुष्य का शरीर भिन्न-भिन्न प्रकार के घातक रोगों की चपेट में आ रहा है। इतना ही नहीं फसलों में अंधाधुंध कीटनाशकों का इस्तेमाल कर किसान हर रोज सैंकड़ों बेजूबान जीवों की हत्या भी कर रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढिय़ों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए खेती में दवाइयों एवं खाद के अंधाधुंध प्रयोग पर रोक लगानी होगी लेकिन यह तभी संभव हो पाएगा, जब किसानों को कीटों के क्रियाकलापों तथा कीटों की पहचान होगी। उन्होंने कहा कि कीट प्रबंधन की जानकारी हर किसान को उपलब्ध करवाने के लिए ब्लॉक स्तर पर खेत पाठशालाएं लगाने का कार्यक्रम तैयार किया जाएगा। इसके बाद इन पाठशालाओं को ग्राम स्तर पर भी आयोजित किया जाएगा। हिसार दूरदर्शन के केन्द्र निदेशक जिले सिंह जाखड़ ने महिलाओं को सम्बोधित करते हुए कहा कि कीट प्रबंधन एवं कीट साक्षरता अभियान चलाने वाला जींद जिला पूरे विश्व में अग्रणी है। इसके लिए अभियान के जनक स्व. डा. सुरेन्द्र दलाल का उन्होंने धन्यवाद किया और कहा कि डा. सुरेन्द्र दलाल ने लोगों को जहर मुक्त थाली प्रदान करने का जो सपना देखा था। उसे पूरा करने में दूरदर्शन की टीम पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने कहा कि कीट प्रबंधन विषय पर महिलाओं द्वारा बनाए गए गीतों को रिकार्ड कर दूरदर्शन पर प्रस्तुत कर दूरदर्शन के लाखों दर्शकों को कीट प्रबंध एवं कीट साक्षरता बारे जागरूक किया जाएगा। कबड्डी फैडरेशन ऑफ इंडिया के उपप्रधान समरवीर कौशिक और एच.सी.एल. कंपनी के मैनेजर सुभाष कौशिक ने कहा कि जींद जिले के किसानों ने उन्हें एक नई राह दिखाने का काम किया है। यहां से कीटों के बारे में उन्हें जो जानकारी मिली है, वह इस जानकारी को आगे बढ़ाने का काम करेंगे तथा अपने क्षेत्र के किसानों को भी इन पाठशालाओं में शामिल कर इस मुहिम को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते ए.डी.सी. तथा गीत प्रस्तुत करती महिलाएं।
कीट प्रबंधन अभियान का नेतृत्व कर रहे कमल सैनी ने कहा कि अगर किसान 20-25 कीटों के बारे मेंं भी जानकारी प्राप्त कर लें तो फसल पर हजारों की लागत में खर्च होने वाले दवाई एवं खाद के पैसे को बचाया जा सकता है और इसके साथ-साथ ही अनेक बीमारियों से भी लोगों को बचाकर मानवता की सेवा की जा सकती है। उन्होंने कहा कि कीट प्रबंधन अभियान के तहत अब तक 161 किस्म के मांसाहारी तथा 43 किस्म के शाकाहारी कीटों की पहचान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि डा. सुरेंद्र दलाल हमेशा कहते थे कि कीटनाशकों के बिना खेती संभव है लेकिन कीटो के बिना खेती संभव नहीं है।
महिला कीटाचार्य अंग्रेजो देवी, मनीषा देवी, कमलेश देवी, मीना मलिक, कविता, संतोष देवी, गीता, राजवंती, अनारोदेवी व अन्य महिला कीटाचार्य किसानों ने अपने विचार सांझा करते हुए बताया कि उन्होंने किस तरीके से कीटों की पहचान तथा उनके क्रियाकलापों के बारे में जानकारी जुटाई और अब वह बिना कीटनाशकों का प्रयोग किए किस तरह से अच्छा उत्पादन लेकर अपने परिवार को जहरमुक्त भोजन उपलब्ध करवा रही हैं। पंजाब से आई जसबीर कौर ने इस पाठशाला से मिली जानकारी को पंजाब प्रांत में भी पहुंचाने की बात कही। उन्होंने कहा कि वे कीट साक्षरता विषय पर पंजाब में एक अभियान चलाएंगी। कार्यक्रम के उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि जयबीर सिंह आर्य तथा अन्य अतिथिगणों को किसानों द्वारा मांसाहारी कीट हथजोड़ा का चित्र भेंट किया गया। इस अवसर पर कृषि विभाग से ए.पी.पी.ओ. अनिल नरवाल, एस.डी.ओ. देवेन्द्र बजवा, ए.डी.ओ. शैलेंद्र चहल भी मौजूद थे।
फोटो कैप्शन
 कबड्डी फैडरेशन ऑफ इंडिया के उपप्रधान को स्मृति चिह्न भेंट करते किसान तथा कार्यक्रम में मौजूद किसान। 

मकडिय़ों ने किया फसलों से हर किस्म के कीटों का सफाया

पाठशाला में किसानों ने की शाकाहारी कीटों पर चर्चा


जींद। इस समय धान व कपास की फसल में आने वाले मांसाहारी तथा शाकाहारी कीटों से किसानों को भयभीत होने की जरुरत नहीं है। क्योंकि इस समय फसलों में मकडिय़ों की संख्या काफी ज्यादा है। कपास की फसल में इस समय मकडिय़ों की औसत प्रति पौधा 4-5 दर्ज की जा रही है और मकडिय़ां हर प्रकार के कीटों को अपना भोजन बना लेती हैं। बशर्त यह की किसान द्वारा अपनी फसल में किसी प्रकार के कीटनाशकों का इस्तेमाल नहीं किया गया हो। यह बात कृषि विकास अधिकारी डा. कमल सैनी ने शनिवार को गांव राजपुरा भैण में आयोजित डा. सुरेंद्र दलाल किसान खेत पाठशाला किसानों को सम्बोधित करते हुए कही। पाठशाला के आरंभ में किसानों ने कपास की फसल में मौजूद मांसाहारी तथा शाकाहारी कीटों का अवलोकन कर कीटों का बही खाता भी तैयार किया। पाठशाला में किसानों ने कपास की फसल में अब तक देखे गए शाकाहारी कीटों पर भी विस्तार से चर्चा की।
फसल में पाई जाने वाली मकडिय़ों का फोटो।
डा. कमल सैनी ने कहा कि मकड़ी किसी भी कीट को खाने से परहेज नहीं करती है। यह हर प्रकार के कीट को आसानी से अपना शिकार बना लेती है। इस समय धान व कपास की फसल में मकडिय़ों की संख्या काफी ज्यादा है। उन्होंने परीक्षण वाले खेत का जिक्र करते हुए कहा कि इस खेत में कपास के 4325 पौधे हैं और प्रति पौधे पर 4-5 मकडिय़ों की संख्या दर्ज की जा रही है। इस प्रकार कपास के इस खेत में 17 से 18 हजार मकडिय़ां हैं। एक मकड़ी एक समय में 10 से 12 तेलों, 18 से 20 सफेद मक्खी के बच्चों तथा 30 से 35 चूरड़ों का खात्मा कर देती है। इस प्रकार अगर एक खेत में इतनी ज्यादा संख्या में मकडिय़ां हैं तो किसानों को फसल में किसी तरह के कीटनाशक का प्रयोग करने की जरुरत नहीं है। मकडिय़ां खुद ही किसान के खेत में कीटनाशक का काम कर देती हैं। डा. सैनी ने साप्ताहिक कीट समीक्षा का जिक्र करते हुए कहा कि अगर साप्ताहिक कीट समीक्षा पर नजर डाली जाए तो अभी तक जींद ब्लाक में कहीं पर भी सफेद मक्खी, हरे तेले और चूरड़े नुक्सान पहुंचाने के आॢथक स्तर पर नहीं पहुंच पाए हैं। साप्ताहिक कीट समीक्षा के आधार पर सफेद मक्खी की औसत 1.7, हरा की तेला 0.8 और चूरड़े की संख्या 0.1 दर्ज की गई है। इस दौरान कीटाचार्य किसानों ने शाकाहारी कीटों का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अभी तक 20 किस्म के रस चूसक कीटों की पहचान की है। इन 20 कीटों में से सिर्फ सफेद मक्खी, हरे तेले और चूरड़े को ही यहां के किसान मेजर कीट मानते हैं, जो फसल में कुछ नुक्सान पहुंचा सकते हैं लेकिन जिन-जिन किसानों ने अपनी फसलों में
कपास की फसल में कीटों का अवलोकन करते किसान।
कीटनाशकों का प्रयोग नहीं किया है, उन फसलों में अभी तक इन कीटों का नुक्सान सामने नहीं आया है और जहां-जहां कीटनाशकों का प्रयोग किया गया है, वहां इन कीटों ने खूब हाहाकार मचाया हुआ है। इनके अलावा लाल बानिया, काला बानिया, माइट, मिलीबग व अल को यहां के किसान सूबेदार मेजर मानते हैं। लाल व काला बानिया कपास के बिनोले का रस चूसकर किसानों को नुक्सान पहुंचाता है लेकिन किसान को लाल व काले बानिये का नुक्सान कभी नजर नहीं आता है। मटकु बुगड़ा लाल व काले बानिये का पक्का ग्राहक होता है। मटकु बुगड़ा लाल व काले बानिये को अपना शिकार बनाकर फसल में कुदरती कीटनाशी का काम करता है। इसी प्रकार बिटल अल तथा अंगीरा, जंगीरा और फंगीरा मिलीबग को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाते हैं।

रेप जैसे संगिन आरोपों के कारण धूमिल हो रही साधु-संतों की छवि


जींद। भारत की धरती सदियों से संत-महात्माओं की धरती रही है। यहां लोग भगवान की तरह संत-महात्माओं की पूजा करते हैं। यहां पर संत-महात्माओं को सम्मान की दृष्टि से देखा जाता है लेकिन समय के साथ-साथ हो रहे इस बदलवा में संत-महात्माओं का रुप भी बदलता जा रहा है। आए दिन संतों पर लगे रहे रेप जैसे संगिन आरोपों के कारण संत-महात्माओं की छवि भी लगातार धूमिल होती जा रही है। हाल ही में आशाराम पर एक नाबालिग के साथ रेप के आरोप ने फिर से साधु-संतों का एक अलग रुप समाज के सामने पेश किया है। लोग जगह-जगह आशाराम के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और पुतले फूंक रहे हैं। इससे यह बात साफ हो रहा है कि कभी संत-महात्माओं की धरा के नाम से जानी जाने वाली यह धरती अब धीरे-धीरे अपनी पहचान खो रही है। जिन संत-महात्माओं को कभी यहां के लोग सम्मान की दृष्टि से देखते थे आज उन संत-महात्माओं को लोग हीन दृष्टि से देखने लगे हैं।

सबके लिए समान हो कानून

आम आदमी हो या कोई संत या नेता कानून सबके लिए एक समान होने चाहिएं। आशाराम पर रेप के आरोप लगने के बावजूद आशाराम को समन देकर बुलाने का कोई औचित्य नहीं बचता, क्योंकि कानून में कहीं भी रेप के आरोपी को समन देने जैसा कोई प्रावधान नहीं है। रेप के आरोपी को बिना समन दिए पुलिस सीधे
 एडवोकेट विनोद बंसल
गिरफ्तार कर सकती है। जैसा की मुम्बई और दिल्ली के रेप कांड में हुआ था। जब मुम्बई और दिल्ली रेप कांड के सभी आरोपियों को बिन समन दिए गिरफ्तार किया गया है तो फिर आशाराम को समन क्यों दिया गया। इससे जनता के बीच यह संदेश जाता है कि आम आदमी और प्रतिष्ठित व्यक्ति के लिए कानून अलग-अलग है। अगर पुलिस चाहती तो आशाराम को भी बिना समन दिए गिरफ्तार कर सकती थी। सरकार को चाहिए कि आशाराम के मामले की सुनवाई भी फास्ट ट्रैक कोर्ट में हो, ताकि आशाराम को इस मामले के गवाहों की लाबिंग करने का वक्त नहीं मिले। अगर सुनवाई के दौरान आशाराम पर आरोप तय होते हैं तो आशाराम को सख्त से सख्त सजा दी जाए।
विनोद बंसल
एडवोकेट, जींद

आंख बंद कर साधु-संतों पर विश्वास न करे जनता 

सरकार को चाहिए कि इस तरह के मामलों को गंभीरता से ले और आरोपियों के खिलाफ बिना देरी किए सख्त से सख्त कार्रवाई करे, ताकि इस तरह के मामलों को कम किया जा सके। लोगों को भी चाहिए कि वे इस तरह के मामलों पर गंभीरता से विचार-विमर्श करें। किसी भी साधु-संत पर आंख बंद करके विश्वास नहीं करें।
 श्यामलाल गुप्ता का फोटो। 
क्योंकि भगवा वस्त्र धारण करने वाला हर व्यक्ति साधु-संत नहीं होता। साधु-संत के वेश में कोई पाखंडी भी हो सकता है। सरकार को चाहिए कि कानून व न्याय प्रणाली में लोगों का विश्वास बनाए रखने के लिए आशाराम के मामले की निष्पक्ष व जल्द से जल्द जांच पूरी कर आगामी कार्रवाई करे। अगर आशाराम पर आरोप सिद्ध होते हैं तो सजा भी सख्त से सख्त दी जाए, ताकि दूसरा कोई व्यक्ति इस तरह का कदम उठाने की हिम्मत नहीं करे।
श्यामलाल गुप्ता, समाजसेवी

इस तरह के मामलों को गंभीरत से ले संत समाज

आरोप लगाना और आरोप तय होनों दोनों अलग बात हैं। आशाराम पर अभी आरोप लगा है, आरोप तय होना बाकी है। आरोप तय हुए बिना कुछ भी कहना ठीक नहीं है। पुलिस को चाहिए कि मामले की निष्पक्ष जांच करे, ताकि सच्चाई जनता के सामने आ सके। अगर आशाराम ने ऐसा घिनोना कार्य किया है तो इसके लिए उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, अगर आरोप झूठा है तो शिकायतकत्र्ता के खिलाफ भी कार्रवाई की जाए। आए दिन साधु-संतों पर लग रहे ऐसे आरोपों को संत समाज को गंभीरता से लेना चाहिए। अगर संत समाज ने इस तरफ कोई ठोस कदम नहीं उठाए तो आने वाली पीढिय़ां संत समाज को सम्मान की दृष्टि से नहीं देखेंगी।
 स्वामी धर्मदेव का फोटो। 
स्वामी धर्मदेव
गुरुकुल कालवा 

दाल में कुछ न कुछ काला जरुर है

यह एक गंभीर विषय है। हां लेकिन एक बात साफ है कि दाल में कुछ काला जरुर है। क्योंकि आशाराम का समाज में एक ऊंचा स्थान है और इतने ऊंचे स्थान पर बैठे व्यक्ति पर झूठा आरोप लगाना आसान काम नहीं है। वैसे अभी मामले की जांच चल रही है। सच्चाई का पता तो जांच पूरी होने के बाद ही लग पाएगा। अगर आशाराम दोषी सिद्ध होते हैं तो उसे सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए। इस तरह के मामलों के लिए कहीं ना कहींअभिभावक भी दोषी हैं। अभिभावकों को भी धर्म में इतना अंधा नहीं होना चाहिए कि उसे अच्छे और बुरे की जानकारी ही नहीं रहे। धर्म की भी कुछ सीमाएं होती हैं। आंखें बंद कर धर्म के पथ पर चलना कहां की समझदारी है। भगवान को प्राप्त करने के लिए जरुरी नहीं कि सत्संग, तीर्थ या किसी गुरु के पास जाना जरुरी है। भगवान तो हर इंसान के अंदर होता है। बस जरुरत है उसे ढूंढऩे की। भगवान को प्राप्त करने के लिए कोई ढोंग करना जरुरी नहीं है।
 प्रो. वजीर सिंह का फोटो। 
प्रो. वजीर सिंह
राजकीय महिला कालेज, जींद

Saturday, 10 August 2013

कीटों की मास्टरनियों ने अनोखे ढंग से मनाया तीज का त्यौहार

खेतों में पहुंचकर कीटों को झुलाया झूला और कीटों पर आधारित गीत गाए



जींद। एक तरफ जहां शुक्रवार को प्रदेशभर में तीज का पर्व परंपरागत रीति-रिवाज के साथ मनाया गया, वहीं दूसरी तरफ कीट ज्ञान क्रांति की मुहिम से जुड़ी ललीतखेड़ा, निडाना, निडानी की विरांगनाओं ने तीज के पर्व को एक अनोखे ढंग से मना। कीट ज्ञान क्रांति की मुहिम से जुड़ी इन विरांगनाओं ने तीज पर्व के पावन अवसर पर खेतों में जाकर पेड़ों पर झूल डाली तथा वहां फसल में मौजूद कीटों को झूला झुलाया और कीटों के जीवन चक्र पर तैयार किए गए गीत गाए। झूला झूलाने की शुरूआत महिलाओं ने हथजोड़े नामक मांसाहारी कीट को झूला झुलाकर की। कीटों की मास्टरनियों ने एक अनोखे ढंग से तीज का पर्व मनाकर किसानों को जहर मुक्त खेती के लिए प्रेरित कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
हरियाणा की संस्कृति के साथ जुड़े त्यौहारों में तीज का पर्व अपना विशेष स्थान रखता है और तीज के पर्व को अन्य त्यौहारों का जनक भी कहा जाता है। क्योंकि हरियाणा की संस्कृति में तीज के पर्व के बाद ही अन्य त्यौहारों की शुरूआत होती है। इसलिए कहा जाता है कि 'आई तीज बो गई त्यौहारों का बीज'। तीज का त्यौहार विशेष रूप से महिलाओं का त्यौहार होता है। इस दिन महिलाएं सजधज कर एक साथ एकत्रित होकर झूला झूलती हैं और मंगल गीत गाती हैं। इस दिन महिलाएं घर में गूलगूले, सुवहाली, पूड़े तथा अन्य मीठे पकवान भी तैयार करती हैं। पूरे प्रदेश में महिलाएं इसी तरीके से तीज का पर्व मनाती हैं लेकिन कीट ज्ञान की क्रांति से जुड़ी निडाना, निडानी व ललीतखेड़ा की वीरांगनाओं ने शुक्रवार को तीज का पर्व बिल्कुल अलग अंदाज में मनाया। यह सभी वीरांगनाएं सुबह-सुबह सजधज कर ललीतखेड़ा गांव के खेतों में पहुंची और यहां पर पेड़ों पर झूल डाली। तीज की शुरूआत महिलाओं ने मांसाहारी कीट हथजोड़े को झूला झुलाकर की। इस अवसर पर महिलाओं ने कीटों के जीवनचक्र से जुड़े गीत 'कीडय़ां का कट रहया चाला ऐ मैने तेरी सूं, देखया ढंग निराला ऐ मैने तेरी सूं', 'मैं बीटल हूं मैं कीटल हूं, तुम समझो मेरी मैहता को', हे बीटल म्हारी मदद करो हमनै तेरा एक 

सहारा है, जमीदार का खेत खा लिया तमनै आकै बचाना सै' आदि गीत सुनाए। महिला किसान सुनीता, अनिता, मीनी, अंग्रेजो, राजवंती, बिमला, यशवंती, पूजा, गीता, कमलेश ने बताया कि तीज का त्यौहार सावन के महीने में आता है। इस त्यौहार का हरियाणा की संस्कृति में विशेष महत्व है। यह त्यौहार सीधे-सीधे हरियाली का प्रतिक है और पर्यावरण के साथ हरियाली का विशेष संबंध है लेकिन आज फसलों में अंधाधुंध कीटनाशकों और उर्वरकों का प्रयोग होने के कारण हमारा पर्यावरण दूषित हो रहा है। पर्यावरण दूषित होने के कारण मनुष्य के स्वास्थ्य पर भी इसका बुरा प्रभाव पड़ रहा है। मनुष्य लगातार गंभीर बीमारियों की चपेट में आ रहा है। उन्होंने बताया कि किसान अपने स्वार्थ के वशीभूत होकर तथा अज्ञानता के कारण इस कीटनाशक रूपी दलदल में फंसा हुआ है। किसान अपनी अज्ञानता के कारण ही बेजुबान कीटों को मार रहा है। जबकि खेती में कीटों का विशेष महत्व होता है। महिलाओं ने बताया कि त्यौहार एक तरह से खुशियों का प्रतिक होता है लेकिन आज मनुष्य के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट आने और पर्यावरण दूषित होने के कारण मनुष्य की यह खुशियां भी बिखरती जा रही हैं। अगर हमें अपनी खुशियां बरकरार रखनी हैं और अपने त्यौहारों की परम्परा को बचाए रखना है तो हमें सबसे पहले अपने पर्यावरण को बचाना होगा लेकिन यह तभी संभव है जब हम सभी मिलकर कीट ज्ञान हासिल कर जहरमुक्त

खेती की तरफ अपने कदम बढ़ाएंगे। इसलिए किसानों को चाहिए कि वे वर्षों से कीटों के साथ चली आ रही इस अंतहीन लड़ाई को खत्म कर कीटों की तरफ दोस्ती का हाथ बढ़ाएं। क्योंकि बिना कीट ज्ञान के जहरमुक्त खेती संभव नहीं है। निडाना, निडानी और ललीतखेड़ा की महिलाओं ने एक अनोखे ढंग से तीज का पर्व मनाकर किसानों को पर्यावरण को बचाने के लिए जहरमुक्त खेती का संदेश दिया। 

Thursday, 8 August 2013

'कपास के खेत में कीडों के बीच लगी विद्यार्थियों की क्लाश'

किताबी ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों ने ली कीट ज्ञान की तालीम

अब स्कूल की बजाए सप्ताह के हर बुधवार को खेतों में लगेगी विद्यार्थियों की पाठशाला 

जींद। बुधवार को निडानी गांव के राजकीय हाई स्कूल के 8वीं और 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों की क्लाश स्कूल के बजाए कपास के खेत में कीडों के बीच लगी। स्कूल में मिल रहे किताबी ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों ने बुधवार को कपास के खेत में पहुंचकर कीट ज्ञान की तालीम ली। निडानी स्कूल के 8वीं और 9वीं के विद्यार्थी अब सप्ताह के हर बुधवार को इसी तरह खेतों में पहुंचकर कीट ज्ञान का पाठ पढ़ेंगे। स्कूली बच्चों को कीट ज्ञान की इस मुहिम से जोडऩे का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को जहरमुक्त खेती के गुर सिखाकर खेती के प्रति बच्चों में रुचि पैदा करना है, ताकि बच्चे पढ़ाई के साथ-साथ खेती कार्य में अपने अभिभावकों का हाथ बटा सकें और लोगों की थाली को जहरमुक्त करने की इस मुहिम को आगे बढ़ाया जा सके। पाठशाला का शुभारंभ विद्यार्थियों को राइटिंग पैड तथा पैन देकर किया गया। इस अवसर पर पाठशाला में कृषि विभाग की तरफ से कृषि विकास अधिकारी यशपाल, रमेश, शैलेंद्र तथा डा. कमल सैनी भी मौजूद थे।
 विद्यार्थियों को राइटिंग पैड व पैन देते कृषि विकास अधिकारी।
किसानों को जागरुक कर कीटों और किसानों के बीच लगभग 4 दशकों से चली आ रही अंतहीन जंग को खत्म करवाने तथा खाने की थाली को जहरमुक्त करने के लिए डा. सुरेंद्र दलाल द्वारा शुरू की गई कीट ज्ञान की मुहिम में अब एक नया अध्याय जुड़ गया है। किसानों के साथ-साथ अब विद्यार्थियों ने भी इस मुहिम में रुचि दिखाई है। निडानी गांव के राजकीय हाई स्कूल के 8वीं और 9वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने बुधवार को स्कूल की बजाए

 कपास की फसल में कीटों का अवलोकन करते विद्यार्थी। 
निडानी गांव के खेतों में चल रही डा. सुरेंद्र दलाल किसान खेत पाठशाला में पहुंचकर क्लाश लगाई और यहां कीटाचार्य किसानों के साथ कपास की फसल के खेत में खड़े होकर कीट ज्ञान का पाठ पढ़ा। स्कूली विद्यार्थियों ने सुक्ष्मदर्शी लैंसों की सहायता से कपास की फसल में मौजूद मांसाहारी तथा शाकाहारी कीटों का अवलोकन किया और उनके जीवन चक्र के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की। कीटाचार्य किसान महाबीर पूनिया, रमेश, जयभगवान, रणबीर, पवन, जयभगवान, जसबीर, पालेराम ने विद्यार्थियों को बताया कि पिछले सप्ताह तक कपास की फसल में मेजर कीटों के नाम से जाने जाने वाले सफेद मक्खी, हरा तेला और चूरड़े की उपस्थिति दर्ज की गई थी। इन कीटों के साथ-साथ इन्हें खाने वाले मांसाहारी कीट हथजोड़ा, अंगीरा, लेडी बिटल, बुगड़े, भिरड़, ततहीए, मकडिय़ां, लोपा मक्खी सहित कई प्राकृति कीटनाशी भी काफी संख्या में मौजूद थे। फसल में मांसाहारी कीटों की संख्या ज्यादा होने के कारण इस बार कपास के इस खेत में शाकाहारी कीटों का पूरा सुपड़ा साफ हो चुका है। इससे यह बात साफ होती है कि शाकाहारी कीटों को खत्म करने के लिए कीटनाशकों किसी भी प्रकार के कीटनाशक की जरुरत नहीं है।

विद्यार्थियों में खेती के  प्रति रुचि पैदा करना है मुख्य उद्देश्य

आज फसलों में अंधाधुंध कीटनाशकों का इस्तेमाल होने के कारण हमारा पर्यावरण दूषित हो रहा है और इससे मानव के स्वास्थ्य पर भी दूष्प्रभाव पड़ रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में पढऩे वाले ज्यादातर विद्यार्थियों के अभिभावकों का व्यवसाय खेतीबाड़ी है। पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को कीट ज्ञान की मुहिम से जोडऩे का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेती के प्रति रुचि पैदा करना है, ताकि विद्यार्थी खेतीबाड़ी के काम में अपने अभिभावकों का हाथ बटा सकें और उनको भी कीट ज्ञान की मुहिम से जोड़कर थाली को जहरमुक्त करने की इस मुहिम को आगे बढ़ाया जा सके। विद्यालय के 8वीं और 9वीं के विद्यार्थियों को अब सप्ताह के हर बुधवार को किसान खेत पाठशाला में भेजा जाएगा, ताकि विद्यार्थी भी कीट ज्ञान की तालीम हासिल करे सकें।
शिवनारायण शर्मा, मुख्याध्यापक 
राजकीय हाई स्कूल, निडानी

खुद को पर्यावरण के लिए महिला वकील ने कर दिया समर्पित

अब तक लगवा चुकी 177 त्रिवेणी जींद। महिला एडवोकेट संतोष यादव ने खुद को पर्यावरण की हिफाजत के लिए समर्पित कर दिया है। वह जींद समेत अब तक...