Thursday, 4 January 2018

शहर में स्वच्छता को लेकर निकाली जागरूकता रैली

पैट्रोल पंप मालिकों ने शौचालयों को सार्वजनिक किया
शहर में स्वच्छता रैंकिंग सुधरने की जगी आस

जींद 
नगर परिषद द्वारा जींद जिला में स्वच्छता की रैंकिंग को सुधारने को लेकर अब सार्थक परिणाम सामने आने लगे हैं। नगर परिषद द्वारा चलाई जा रही मुहीम के तहत पैट्रोल पंप मालिकों ने शौचालयों को जहां सार्वजनिक कर दिया है वहीं पर पार्षदों के अलावा सामाजिक संगठनों का सहयोग भी नगर परिषद को मिल रहा है। बुधवार को नगर परिषद द्वारा जागरूकता रैली निकाली गई और इसमें भारी संख्या में सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों ने भाग लिया। लोग शहर के बाजारों में स्वच्छता का संदेश देने वाली तख्तियां और अन्य प्रचार सामग्री हाथों में उठाए कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। बुधवार को नगर परिषद द्वारा निकाली गई जागरूकता रैली का नेतृत्व नगर परिषद के ईओ डॉ. एसके चौहान, नगर परिषद की प्रधान पूनम सैनी के पति जवाहर सैनी और नगर परिषद के एमई सतीश गर्ग ने किया। जागरूकता रैली शहर के मुख्य बाजारों से गुजरी। रैली में शामिल लोगों ने दुकानदारों से स्वच्छता की अपील की। लोगों ने दुकानदारों को स्वच्छ मैप एप डाऊन लोड करने के लिए कहा। 

पैट्रोल पंप मालिकों ने शौचालयों को किया सार्वजनिक घोषित

नगर परिषद को स्वच्छता सर्वेक्षण में अधिक से अधिक दिलाने के लिए जींद के पैट्रोल पंप मालिकों ने अपना सहयोग दिया है। जींद के 16 पैट्रोल पंप मालिकों ने नगर परिषद को सूची भेजते हुए पैट्रोल पंपों पर बने शौचालयों को सार्वजनिक शौचालय घोषित किया है। इन पैट्रोल पंपों में पुराना हांसी रोड का अमी लाल जैन एंड कंपनी, जैन सर्विस स्टेशन, भिवानी रोड का मोती राम एंड सन्स, रोहतक रोड का मलिक पैट्रोल पंप, हांसी रोड का आईवीपी आटो सर्विस, राजकीय कालेज के पास का पैट्रो केयर, जिला जेल के पास का महेश कुमार एंड ब्रैदर्स, सफीदों गेट का एचपी मोहित पैट्रोल पंप, रोहतक रोड का चौधरी फिलिंग स्टेशन, रोहतक रोड बाईपास का हाईवे आटो सर्विस, पटियाला चौक के हांसी रोड का क्वालिटी फिलिंग स्टेशन, सफीदों रोड पर गोल्डन हट के पास का मामनराम चांदराम, हांसी रोड का रोहतक पैट्रो केयर, सफीदों रोड का भारद्वाज पैट्रोलियम, उधम सिंह मार्ग का महादेव पैट्रो शामिल हैं। इन पैट्रोल पंप संचालकों ने अपने पैट्रोल पंप पर सार्वजनिक शौचालय के बोर्ड भी लगाए हैं। 
स्वच्छता मैप एप पर तुरंत डाले गंदगी के फोटो 
जागरूकता रैली में शामिल लोगों ने दुकानदारों को स्वच्छता मैप एप के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने दुकानदारों को बताया कि स्वच्छता मैप एप किस प्रकार से डाऊन लोड किया जा सकता है और किस प्रकार से यह काम करता है। स्वच्छता मैप एप पर डाली गई फोटो पर कितने दिन में एक्षन होता है। यदि एक अधिकारी काम नहीं करता तो यह फोटो आगे किस-किस जगह तक जाता है। 
आज जींद पहुंचेगी स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम
वीरवार को केंद्र सरकार की स्वच्छता सर्वेक्षण टीम जींद आएगी। लोगों के मिल रहे सहयोग के बाद नगर परिषद के अधिकारियों के हौंसले बुलंद हो गए हैं। धरातल से लेकर आन लाइन प्रयासों में भी आगे निकलने की कोशिश तेज हो गई है। नगर परिषद प्रशासन द्वारा अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सामाजिक संस्थाओं के सदस्य भी अलग-अलग तरीकों से इस मुहिम को बल दे रहे हैं। लोगों को अब शहर की रैंकिंग सुधरने की पूरी आस बंधी है। 
इस साल अच्छी रैंकिंग लाने के प्रयास : डॉ. चौहान
नगर परिषद के ईओ डॉ. एसके चौहान ने कहा कि नगर परिषद ने अपनी ओर से अच्छी रैंकिंग लाने के लिए प्रयास तेज किए हैं। सामाजिक संगठनों और गणमान्य लोगों का सहयोग मिल रहा है। पैट्रोल पंप संचालकों ने भी अपना पूरा सहयोग नगर परिषद को दिया है। वीरवार को स्वच्छता सर्वेक्षण को लेकर टीम जींद आ रही है। उम्मीद है कि इस साल अच्छी रैंकिंग आएगी। नगर परिषद और लोगों द्वारा किए गए तमाम प्रयास रंग लाएंगे।

No comments:

Post a Comment

खुद को पर्यावरण के लिए महिला वकील ने कर दिया समर्पित

अब तक लगवा चुकी 177 त्रिवेणी जींद। महिला एडवोकेट संतोष यादव ने खुद को पर्यावरण की हिफाजत के लिए समर्पित कर दिया है। वह जींद समेत अब तक...