Sunday, 3 September 2017

शिक्षा विभाग अध्यापक दिवस को मनाएगा स्वच्छता दिवस के तौर पर

 जींद
दिन चाहे कोई भी हो, यदि बच्चों को किसी अच्छी बातों के लिए प्रेरित किया जाए तो सोने पर सुहागा माना जाता है। ऐसा ही इस बार शिक्षा विभाग करने जा रहा है और मौका होगा शिक्षक दिवस का। हर साल पांच सितंबर को डा. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्मदिवस को भारत में शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। इस बार शिक्षा विभाग इस दिन को स्वच्छ भारत अभियान के तहत मनाने जा रहा है। इस दिन पहली से बारहवीं तक बच्चों की पेंटिंग व निबंध प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी। पहली से पांचवीं कक्षा के बच्चों के लिए पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पेंटिंग प्रतियोगिता का विषय मेरे सपनों का स्वच्छ भारत रहेगा। जिला परियोजना संयोजक अजीत श्योराण ने बताया कि इसी प्रकार से छठीं से बारहवीं कक्षा के बच्चों के लिए निबंध लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। विद्यालय स्तर पर होने वाली इस प्रतियोगिता का मूल्यांकन स्कूल स्तरीय कमेटी करेगी और विद्यालय की प्रत्येक वर्ग की तीन श्रेष्ठ प्रविष्ठियों को जिला स्तरीय मूल्यांकन के लिए अगले दिन जिला स्तरीय मूल्यांकन कमेटी के लिए जिला परियोजना संयोजक के पास जमा कराया जाएगा। इसके बाद जिला स्तर पर आंकन कर उसमें से प्रत्येक श्रेणी की तीन श्रेष्ठ प्रविष्टियों को राज्य स्तरीय कमेटी को सील बंद कर भेजा जाएगा। इस पर राज्य स्तरीय कमेटी सभी जिलों से प्राप्त प्रविष्टियों का मूल्यांकन करेगी और प्रत्येक श्रेणी की तीन प्रविष्ठियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार के लिए प्रधान सचिव के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उन्हें फाइनल कर अनुमोदन कराकर दो अक्टूबर तक भारत सरकार के पास भेजा जाएगा।

जिलेभर में धूमधाम से मनाया ईद उल जुहा पर्व

 नवाज अता करके अल्ला से मांगी अमन चैन की दुआ
एक दूसरे को गले मिलकर दी बधाई
जींद
जिले भर में शनिवार को ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व श्रद्धा एवं विश्वास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर इस्लाम धर्म के अनुयायियों ने ईदगाह में नवाज अता करके अल्ला ताला से बरकत तथा अमन चैन की की दुआ मांगी। इस अवसर पर मेले का भी आयोजन किया गया। मस्जिद के बाहर खिलौनों, मिठाईयों, चाट पकौड़ी की दुकाने सजाई गई थी। नमाज अता करने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने जमकर खरीददारी की व एक दूसरे को ईद की बधाई दी। ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को देखते हुए ईदगाह के निकट पुलिस बल तथा खूफिया एजेंसियों के लोगों ने लगातार निगाहें जमाए रखी। हांसी ब्रांच नहर के निकट ईदगाह में ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर नवाज अता करने के लिए इस्लाम धर्म के अनुयायी शनिवार सुबह से ही ईदगाह में जमा होना शुरू हो गए थे। हजारों की संख्या में मुसलमानों ने नवाज अता की तथा सदका, फितरा, जकात जमा कराई, वहीं गरीबों को दान दिया। इमाम दीन मोहम्मद ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को नवाज पढ़ाई तथा भाइचारे को मजबूत करने व विश्व शांति, कौमी एकता की दुआ अल्लाताला से मांगी। इस मौकेपर उन्होंने कुरान की आयतें पढ़ीं। बाद में सभी ने एक दूसरे को गले मिलकर ईद-उल-जुहा (बकरीद) की बधाई दी तथा सुखद भविष्य की कामना की। यहां पर इमाम दीन मोहम्मद ने कहा कि ईद का त्यौहार हमें भाईचारे का संदेश देता है, जिससे मिल जुल कर रहने की प्रेरणा मिलती है। ईद के त्योहार पर मुस्लिम समुदाय के लोगों द्वारा विश्व में अमन चैन की दुआ मांगी गई।  इस अवसर पर मेले का भी आयोजन किया गया। मस्जिद के बाहर खिलौनों, मिठाइयों, चाट पकौड़ी की दुकाने सजाई गई थी। नमाज अता करने के बाद मुस्लिम समाज के लोगों ने जमकर खरीददारी की व एक दूसरे को ईद की बधाई दी। उधर, नरवाना संवाददाता के अनुसार शनिवार को मस्जिद में ईद-उल-जुहा (बकरीद) का पर्व लोगों ने नमाज अता की। शनिवार सुबह से ही बख्शी सिनेमा के पास मस्जिद में मुस्लिम समुदाय के लागों ने नमाज अता की और एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। ईद का त्योहार हमें भाईचारे का संदेश देता है जिससे मिल जुलकर रहने की प्रेरणा मिलती है। इस अवसर पर मुस्लिम कल्याण समिति के प्रधान सुभाष खान ने सभी मुस्लिम भाइयों को बुराई के रास्ते को त्यागकर अच्छाई के रास्ते पर चलने की नसीहत दी तथा कहा कि देश में बढ़ रहे भ्रष्टाचार के खिलाफ सभी धर्मों को एकजुट होकर जड़ से मिटाने का संकल्प लें। इसी प्रकार ग्रामीण क्षेत्रों में भी मुस्लिम समुदाय की लोगों ने अपने-अपने मस्जिदों में नमाज अदा की तथा एक दूसरे को ईद की मुबारक बाद दी।

Saturday, 2 September 2017

गणपति बप्पा मोरया, अगले वर्ष तू जल्दी आना

ढोल नगाडों के साथ हुआ गणपति का विसर्जन 
श्रद्धालुओं ने नाच गाकर कर खुशी व्यक्त 
नरवाना
श्री सिद्धि विनायक सेवा समिति द्वारा आयोजित गणपति उत्सव व हवन यज्ञ विशाल भंडारे के साथ समापान किया गया व ढोल नगाडों के साथ गणपति का विसर्जन किया गया। गणपति बाप्पा मोरया, अगले वर्ष तू जल्दी आ के उद्घोष के साथ शहर के  मुख्य मार्गों रेलवे रोड, अपोलो चौंक और माडल टाउन, विश्वकर्मा चौंक से होते हुए सिरसा ब्रांच नहर में विसर्जन किया जहां अनेक लोगों ने गणपति को विदाई दी। सुंदर झांकियों ने दर्शकों को खूब मोहा। गणपति के विसर्जन से पूर्व नहर पर आरती की गई। विसर्जन कार्यक्रम में अनेक महिलाएं,पुरूष व बच्चे शामिल हुए। महिलाओंं ने अपने घरों में विराजमान गणपति का विसर्जन किया। प्रधान नरेश जैन ने बताया कि समापन कार्यक्रम के दौरान जिन महिलाओं ने क्लश उठाया था उनका ड्रा निकाला गया जिसमें कविता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें साध्वी मीरा समदर्शनी से शुभ आशीर्वाद व स्मृति चिन्ह भेंट किया। प्रधान जैन ने कहा कि यह एक एतिहासिक कार्यक्रम है। हिंदू समाज में महाराष्ट्र से शुरू हुआ और आज इसकी पूरे भारत में धूम मची हुई है। इसी के चलते श्रद्धा भाव से यह कार्यक्रम कर रहे हैं। खुशी की बात यह है कि आज की नौजवान युवा टीम खड़े होकर यह कार्य कर रही है। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रधान नरेश जैन, पूर्व चेयरमैन कैलाश सिंगला, सुभाष सिंगला, महासचिव विनोद मंगला, मेहरचंद पुजारी, देवीराम गर्ग, राजीव गर्ग सहित काफी संख्या में गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

गुरुकुल देते है स्वार्गींण विकास की शिक्षा : डीसी अमित


डीसी ने किया कन्या गुरुकुल गैंडाखेड़ा का निरीक्षण
लक्ष्य प्राप्ति के लिए करें कड़ी मेहनत
जींद
डीसी अमित खत्री ने उचाना खंड में शिक्षा रूपी सुरभि बिखेर रहे कन्या गुरुकुल गैंडाखेड़ा का निरीक्षण किया। उन्होंने गुरुकुल में साफ-सफाई तथा छात्राओं में अनुशासन देख कर कहा कि गुरुकुल शिक्षा पद्धति में बच्चे के स्र्वांगीण विकास के लिए ज्ञान दिया जाता है। इसलिए गुरुकुल से शिक्षा प्राप्त करने वाले युवक व युवती की पहचान स्वत: ही हो जाती है। अल्पायु में जो संस्कार बन जाते हैं, वे जीवन पर्यन्त उसके जीवन का अभिन्य अंग बन जाते हैं।
यह बात डीसी अमित खत्री ने कन्या गुरुकुल गैंडाखेड़ा का निरीक्षण करने के उपरांत गुरुकुल परिसर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। डीसी ने कहा कि गुरुकुल शिक्षा पद्धति में बच्चों में शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी पैदा किए जाते हैं। वेद पुराण भी वैदिक शिक्षा पद्धति का ही परिणाम है। यह शिक्षा पद्धति शांति पूर्ण माहौल में ज्ञानार्जन करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने शिक्षकों का आह्वान किया कि वे बच्चों में नैतिक मूल्यों का सृजन करें ताकि वे आगे चलकर समाज के जिम्मेवार नागरिक बन सकें। डीसी ने कार्यक्रम में उपस्थित छात्राओं की अनुशासन व्यवस्था से काफी प्रभावित हुए और कहा कि जब एक सामान्य सी बैठक में बेटियां इतना अनुशासन दिखा रही हैं, तो विद्यार्जन व गुरुकुल की अन्य गतिविधियों में भी यही अनुशासन निश्चित रूप से झलकता होगा। डीसी ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपनी जिंदगी में लक्ष्य निर्धारित कर विद्याध्यन करें और लक्ष्य की प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत करें, तभी सफलता मिलेगी। सिर्फ कुछ बनने के सपने संजोने से काम नहीं चलता, लक्ष्य प्राप्ति के लिए कड़ी मेहनत के सिवाय कोई शॉर्टकट नहीं है। उन्होंने कहा कि एक बेटी पढ़ाने से दो परिवारों का भला होता है।
प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया
कार्यक्रम में डीसी अमित ने गुरुकुल की उन प्रतिभावान छात्राओं को सम्मानित किया, जिन्होंने बोर्ड की परीक्षाओं में अव्वल स्थान प्राप्त कर गुरुकुल का नाम रोशन किया। उन्होंने खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम व अन्य गतिविधियों में अव्वल रही छात्राओं को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
गुरुकुल में जिम का सामान करवाया जाए उपलब्ध
इस मौके पर गुरुकुल के उप प्रधान हवा सिंह खटकड़, मास्टर धूप सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा लड़कियों के लिए जिम का सामान उपलब्ध करवाए जाने की बात कही। इसके अलावा सौर ऊर्जा उपकरण लगवाने, छात्रावास में एसी की व्यवस्था करवाने की मांग भी डीसी के सम्मुख रखी। इन पर डीसी ने सहानुभूति पूर्वक विचार करने का विश्वास दिलाया।
योग की महत्ता को दर्शाते कार्यक्रम प्रस्तुत किए
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा योग की महत्ता को दर्शाने वाला नृत्य प्रस्तुत किया। इसी प्रकार छात्राओं ने महानपुरूषों के जीवन चरित पर आधारित व्याख्यान व गुरुकुल की काजल व निशु छात्रा ने श्लोकों उच्चारण किया। कार्यक्रम में संस्था के पूर्व उप प्रधान रणबीर सिंह, इंद्र सिंह, बलराज, गुुरुकुल की प्राचार्या बंतो देवी, सतबीर सुदैकण, सुंदरपाल काकड़ौद, सेठ रामनिवास, राजेश जैन, डा. ज्ञानवती, वेदपाल, राजपाल सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।


नियमित ब्रुश करें व मुंह के होने वाले रोगों से बचें : डा. ज्योति

नेशनल डी वार्ममिंग-डे को लेकर कंडेला में किया गया आयोजन
जींद
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कंडेला में मुख व दांत स्वास्थ्य संबंधी पखवाड़ा मनाया गया। कार्यक्रम अध्यक्षता वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डा. राजेश भोला ने की। दंत चिकित्सक डा. ज्योति ने बताया कि एक से 15 सितंबर तक मुख व दांत स्वास्थ्य संबंधी पखवाड़ा मनाया जाएगा जिसके तहत सभी स्वास्थ्यकर्मी को निर्देश दिए गए हैं कि गांव में ,स्कूलों व आंगनबाड़ी में जाकर बच्चों व आमजन को जागरूक करेंगें। हम जो भी अपने शरीर को चलाने और ऊर्जा देने के लिए भोजन ग्रहण करते हैं सब मुंह के रास्ते होकर पेट में जाता है और क्योंकि हमारी भोजन संबंधी आदतें अगर बेकार होती हंै तो हमें देर सवेर परेशानी का सामना उठाना पड़ सकता है। क्योंकि स्वास्थय से जुड़ी सारी बीमारीयों की शुरूआत अधिकतर पेट से होती है। इसलिए अपने मुंह की साफ -सफाई भी उतनी ही जरुरी है जितना व्यक्ति का हर रोज नहाना है। डा. ज्योति ने बताया की खाना खाने के बाद अक्सर कुछ पदार्थ दांतों में चिपक जाते हैं। जब हम बु्रश सही तरीके से नहीं करते तो दांत दर्द
सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधि समस्याओं से ग्रस्त हो जाते हैं। इसलिए हमे नियमित ब्रुश करना चाहिए और इस बात का भी ध्यान रखना चाहिए कि शाम को खाना खाने के बाद ब्रुश अवश्य किया जाए। डा. भोला ने दातों की देखभाल नहीं करने से हो सकने वाले नुकसानों के बारे में बताते हुए कहा की अगर आप दातों की सही से देखभाल नहीं करते हंै तो आपको मुंह की किसी भी तरह की बीमारी से सामना करना पड़ सकता है। दांतों में और मुंह में होने वाली समस्या के कारण व्यक्ति की खाने की आदतों में गड़बड़ हो जाती है जिस से सही मात्रा में भोजन नहीं ले पाते हंै जिसकी वजह से आपको पोषक तत्वों की कमी का अनुभव होता है और यह आपके लिए परेशानी का कारण बनती हैं। आपके दांत आपके जीवन भर साथ रहे इसके लिए आवश्यक हंै आप नशे से जुड़ी आदतों से दूर रहें और नियमित दातों की देखभाल करें। स्कूल प्रधानाचार्य रामनिवास शर्मा ने कहा कि स्कूल के सभी बच्चों को स्वास्थय विभाग की तरफ  से  उपलब्ध अल्बेंडाजोल की एक गोली खानी सुनिश्चित की जाए ताकि पेट में होने वाले कीड़े व अनिमिया से बचा जा सके। इस मौके पर डा. जितेंद्र, बिजेंद्र सिंह, रोहताश, बीरमती देवी, देवीराम कौशिक मौजूद रहे। 

मंदिर सरकार का और चौधर समिति की


जयंती देवी में जनसुविधाओं पर लटके ताले
कथा सुनने आ रहे श्रद्धालुओं को हो रही परेशानी
श्रद्धालुओं ने ताले खुलवाने की मांग
 जींद
हांसी ब्रांच नहर के निकट स्थित ऐतिहासिक जयंती देवी मंदिर में बनाए गए शौचालयों पर ताले लटका दिए गए हैं। जिससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा है। एक तरफ तो जिला प्रशासन  जिला को खुले में शौच मुक्त बनाए जाने को लेकर बड़े-बड़े दावे कर रहा है वहीं सरकार के इस ऐतिहासिक मंदिर में शौचालय होने के बाद भी यहां होने वाले श्रद्धालुओं को शौचालय का लाभ नहीं मिल पा रहा है। जिससे  श्रद्धालुओं में जिला प्रशासन के प्रति रोष बढ़ता जा रहा है। ऐसा पहली बार नहीं है कि यहां शौचालय पर ताले लगाए गए हों, इससे पहले भी कई बार यहां शौचालय पर ताले लगा दिए जाते हैं जिससे श्रद्धालुओं को शौचादि के लिए अन्यत्र जगह का रूख करना पड़ता है। श्रद्धालुओं ने डीसी अमित खत्री से गुहार लगाई कि मंदिर परिसर में बनाए गए शौचालयों पर से ताले खुलवाए जाएं।
शहर के बीचोंबीच स्थित ऐतिहासिक जयंती देवी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को शौचालय की सुविधा नहीं मिल पा रही है। हालांकि यहां पर शौचालय बनवाए गए हैं लेकिन शौचालयों पर ताले लगा दिए गए हैं जिसके चलते मंदिर परिसर में आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। श्रद्धालु कुलदीप, ललित, सुनील, विजेंद्र, सोनिया, सोनिया, सविता, रजनी आदि ने बताया कि मंदिर में शौचालय की सुविधा होने के बाद भी शौच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। शौचालय पर ताले लगा दिए जाते हैं। सुबह सैर तथा योगा के लिए आने वाले लोगों, शाम को मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को तो यहां बहुत भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है लेकिन पता नहीं क्यों प्रशासन शौचालय पर से ताला क्यों नहीं हटवा पा रहा है। इसके साथ ही मंदिर में सुबह तथा शाम को आने वाले श्रद्धालुओं को शौचालय की सुविधा न मिल पाने के कारण परेशान  होना पड़ रहा है।
मंदिर परिसर में चल रहा अन्न क्षेत्र
इसके साथ ही मंदिर परिसर में जरूरतमंद लोगों के लिए अन्न क्षेत्र भी बनाया गया है और प्रतिदिन यहां 70 से 80 जरूरतमंद लोगों को खाना खिलाया जाता है लेकिन अन्न क्षेत्र के निकट ही मौजूद शौचालय ताले लटका दिए गए हैं। जिससे यहां आने वाले लोगों को शौचादि के लिए या तो मंदिर परिसर में जाना पड़ रहा है या फिर मंदिर से बाहर जाना पड़ रहा है। जोकि परेशानी का सबब बना हुआ है।
जिला प्रशासन ले मंदिर की सुध
श्रद्धालुओं ने कहा कि जयंती मंदिर जब सरकार के अधीन है तो यहां लोगों द्वारा तानाशाही प्रवृत्ति क्यों अपनाई जा रही है। शौचालयों पर ताले किस लिए लगाए गए हैं। प्रशासन शौचालय पर लगे तालों को खुलवा यहां आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधा उपलब्ध क्यों नहीं करवा पा रहा है, जबकि देशभर को खुले में शौच मुक्त बनाने की मुहिम चली हुई है। श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई कि शौचालय पर से तालों को शीघ्र खुलवाया जाए। 

आढ़ती के 1.60 करोड़ हड़पे, 11 पर मामला दर्ज

धान खरीद कर राशि नहीं लौटाने और धमकी देने का आरोप
जींद
नई अनाज मंडी नरवाना में आढ़ती की मार्फत धान खरीद कर एक करोड़ 60 लाख रुपये हड़पने, राशि वापस मांगने पर धमकी देने पर शहर थाना नरवाना पुलिस ने खरीददार फर्म के चेयरमैन, निदेशकों समेत 11 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत तथा जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नई अनाज मंडी नरवाना के आढ़ती सुनील कुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि धान सीजन वर्ष 2013-14 के दौरान अमीर प्योर फूड पटौदी रोड गुरुग्राम की फर्म ने उससे संपर्क साधा और धान खरीदने की बात कही। कमीशन वगैराह तय होने के बाद एग्रीमेंट फर्म के साथ हो गया। सीजन के दौरान फर्म ने एक करोड़ 60 लाख रुपये की धान खरीद की। शुरू में फर्म कुछ दिनों के बाद राशि देने की बात कहती रही। लम्बा समय बीत जाने के बाद भी राशि को फर्म ने अदा नहीं किया। जब आढ़तियों ने फर्म पर दबाव डाला तो फर्म के चेयरमैन व अन्य अधिकारियों ने राशि लौटाने से मना कर दिया और बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। शहर थाना नरवानापुलिस ने आढ़ती सुनील कुमार की शिकायत पर अमीर प्योर फूड के चेयरमैन कर्ण ए चन्ना, निदेशक राधिका चन्ना, निदेशक राजेश अरोड़ा, श्याम पोदर, अपूर्णा पूरी, अनिल, अनिता डांग, राहुल सुध, मानव डाबर, धान परचेजर ललित के खिलाफ धोखाधड़ी, अमानत में ख्यानत तथा बुरा अंजाम भुगतने की धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शहर थाना नरवाना के जांच अधिकारी राजकुमार ने बताया कि नई अनाज मंडी के आढ़ती से फर्म ने धान खरीदी थी। जिसकी पैमेंट फर्म द्वारा नहीं की गई। आढ़ती की शिकायत पर फर्म पदाधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।

खुद को पर्यावरण के लिए महिला वकील ने कर दिया समर्पित

अब तक लगवा चुकी 177 त्रिवेणी जींद। महिला एडवोकेट संतोष यादव ने खुद को पर्यावरण की हिफाजत के लिए समर्पित कर दिया है। वह जींद समेत अब तक...