Saturday, 3 November 2012

चांद देख किया पति का दीदार


जींद : महिलाओं द्वारा अपने पति की दीर्घ आयु की कामना का प्रतीक त्योहार करवाचौथ शुक्रवार को जिले में खुशी पूर्वक मनाया गया। सुहागिनों ने अपने पति की लंबी आयु की कामना की। करवा चौथ पर महिलाओं ने करवा चौथ का व्रत रखा। सुहागिन महिलाओं ने 16 सिंगार से सुसज्जिात होकर कथा सुनी और उसके पश्चात थालियां बांटी। शाम को सामूहिक तौर पर चंद्रमा को अ‌र्द्ध देते समय यह दृश्य और भी मनोरम बन गया। अधिकतर महिलाएं लाल सुहाग के जोड़े में सजी, हाथों में मेहंदी लगाए, चूड़ियां पहने तथा गले में आभूषणों डाले नई दुल्हन की तरह लग रही थी। महिलाओं ने बाजारों में खरीदारी की। शहर के पालिका बाजार, पंजाबी बाजार और मेन बाजार में अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। वहीं पति भी अपनी पत्नियों के लिए गिफ्ट लेते हुए नजर आए। वहीं नरवाना संवाद सूत्र के अनुसार भारतीय संस्कृति में अनेकों व्रत तथा त्योहार मनाए जाते है, लेकिन करवाचौथ एक ऐसा व्रत है जिसका इंतजार प्रत्येक सुहागिन को होता है। करवाचौथ के दिन पत्नी अपने पति की लंबी उम्र की कामना भूखी-प्यासी रहकर करती है। इस बेकरारी में वे अकेली नहीं होती है। इसमें उनके पति भी उनका साथ देते है।करवाचौथ के दिन सुहागिन स्त्रिया बहुत अच्छे से श्रृंगार करती है। इस दिन सुहागिन ठीक उसी तरह का श्रृंगार करती है जिस तरह वे अपनी शादी वाले दिन सजी-धजी होती है। सुहागिन महिलाओं द्वारा रखे जाने वाले करवा चौथ व्रत को लेकर शहर के बाजारों मे काफी चहल-पहल देखी जा रही है। करवा चौथ को लेकर जहा करवे बेचने वालों की भीड़ लगी है वहीं मिठाई की दुकानों पर भी पूरा दिन महिलाओं की भारी भीड़ लगी रही। एक तरफ जहा महिलाएं बड़ों के लिए उपहार खरीद रही है वहीं अपने हाथों पर मेंहदी के खूबसूरत डिजाइन बनवाती है व कहानिया सुनकर चाँद निकलने का इंतजार करती है। इस दिन सुहागिन महिलाओं की व्यस्तता और अधिक बढ़ जाती है, क्योंकि चांद का दीदार करने के लिए उन्हें बार-बार छत पर जाना होता है। मिसेज च्योति अरोड़ा का कहना है कि उन्हे इस व्रत का पूरे वर्ष इंतजार रहता है, क्योंकि उनके साथ-साथ यह व्रत उनके पति भी रखते है। उन्हें बहुत ही अच्छा लगता है जब वह और उनके पति दोनों साथ-साथ कहानी सुनते है। उनके पति का कहना है कि इस दिन वह अपनी पत्नी को कोई न कोई उपहार अवश्य देते हैं। उनका कहना है कि इस व्रत पर उनके पति ने उन्हें एक प्यारा सा तोहफा दिया वास्तव में यह दिन भारतीय संस्कृति में बहुत ही शुभ होता है।
बाजारों में रही रौनक
करवा चौथ पर्व पर बाजारों में रौनक छाई रही। महिलाओं व युवतियों की भीड़ बाजारों में साफ देखी जा सकती थी। महिलाओं के अलावा युवतियां भी बडे़ चाव से हाथों पर मेहंदी लगवा रही थी। इसके अलावा महिलाएं चूड़ियां, साज-सच्चा का सामान भी खरीद रही थी। अधिकतर नवविवाहित महिलाएं बाजारों में खरीददारी करती हुई नजर आई।
पतियों ने भी रखे व्रत
करवा चौथ पर जहां महिलाओं ने अपने पतियों की लंबी उम्र के लिए व्रत रखे, वहीं कुछ पुरुष भी अपनी पत्नियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर इस व्रत को निभाते हुए नजर आए। आसरी गेट निवासी मनीष बंसल का कहना है कि जब उनकी पत्नी यह व्रत रख सकती है तो वह भी व्रत रख सकते है। हमें भी उनका मान-सम्मान करना चाहिए। इसी प्रकार विकास दीपक कुमार, कुलदीप, हर्ष मित्तल आदि का कहना है कि उन्होंने भी अपनी पत्नी के लिए व्रत रखे है।




No comments:

Post a Comment

खुद को पर्यावरण के लिए महिला वकील ने कर दिया समर्पित

अब तक लगवा चुकी 177 त्रिवेणी जींद। महिला एडवोकेट संतोष यादव ने खुद को पर्यावरण की हिफाजत के लिए समर्पित कर दिया है। वह जींद समेत अब तक...